रेलवे फाटक रोड पर शराब माफिया का पर्दाफाश! स्कूटी से हो रही थी सप्लाई, दुर्ग पुलिस के हत्थे चढ़े दो आरोपी

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

दूसरे राज्यों से लाई जा रही थी बिना होलोग्राम वाली शराब, 78 हजार से ज्यादा का माल जब्त, तीन आरोपी अब भी फरार

दुर्ग: जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पद्मनाभपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए रेलवे फाटक रोड के पास स्कूटी से शराब सप्लाई कर रहे दो शराब सप्लायरों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिना होलोग्राम लगी भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब, स्कूटी और मोबाइल फोन समेत कुल 78 हजार 200 रुपए का सामान जब्त किया है।

स्कूटी से हो रही थी अवैध शराब की डिलीवरी

पुलिस को 4 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक स्कूटी से शराब लेकर बिक्री के लिए बोरसीभाठा रेलवे फाटक की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर स्कूटी सवार युवकों को रोक लिया।

पूछताछ में उगले राज

पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम

  • संतोष गिरी (47) निवासी ग्राम धनोरा

  • राज नायक (19) निवासी सेक्टर-5, भिलाई नगर
    बताया।

तलाशी के दौरान राज नायक के पास से स्कूटी में रखी प्लास्टिक बोरी से

  • 10 बोतल रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की (7.50 बल्क लीटर, कीमत ₹8,400)

  • सिल्वर रंग की एक्टिवा स्कूटी (कीमत ₹40,000)

  • एक एंड्रॉयड मोबाइल (कीमत ₹15,000)
    बरामद किया गया।

वहीं, संतोष गिरी के कब्जे से

  • खाकी रंग के कार्टन में 48 पौवा रॉयल ब्लू माल्ट व्हिस्की (8.64 बल्क लीटर, कीमत ₹4,800)

  • सैमसंग मोबाइल (कीमत ₹10,000)
    जब्त किया गया।

तीन आरोपी फरार, पुलिस की तलाश तेज

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर दूसरे राज्यों से शराब लाकर दुर्ग–भिलाई शहर में संगठित तरीके से बिक्री करते थे। फिलहाल तीन आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस का सख्त संदेश

पद्मनाभपुर पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment