बीजापुर में अवैध सागौन का बड़ा भंडार पकड़ा गया – पुलिस लाइन के सामने डेरी फार्म से लकड़ी जब्त, विभागीय मिलीभगत के संकेत
वन विभाग की छापेमारी में दो टिप्पर और करीब छह घनमीटर सागौन बरामद, फर्नीचर मार्टों में भी तलाशी जारी — माफिया नेटवर्क तक पहुंचने की जांच शुरू
बीजापुर।
सामान्य वन विभाग ने बीजापुर के टिम्बर माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध सागौन की लकड़ी का विशाल भंडार जब्त किया है। यह छापेमारी सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित न्यू पुलिस लाइन के सामने और भट्टीपारा स्थित डेरी फार्म पर की गई, जहां से विभागीय टीम ने दो टिप्पर वाहन और लगभग पांच से छह घनमीटर सागौन की कीमती लकड़ी बरामद की।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग को लंबे समय से इस क्षेत्र में अवैध लकड़ी तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर गठित विशेष टीम ने जब कार्रवाई की तो यह बड़ा अवैध भंडार सामने आया। फिलहाल विभाग की टीम लकड़ी के स्रोत और वास्तविक मालिक का पता लगाने में जुटी हुई है।
इस कार्रवाई के बाद जिला मुख्यालय के कई फर्नीचर मार्टों पर भी वन विभाग की तलाशी जारी है। बताया जा रहा है कि जिस स्थान से लकड़ी बरामद की गई, वह पुलिस लाइन से सटा हुआ और अपेक्षाकृत सुरक्षित क्षेत्र है। ऐसे में विभागीय मिलीभगत की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इतनी बड़ी मात्रा में लकड़ी बिना वनकर्मियों की जानकारी के इकट्ठा नहीं की जा सकती थी। इस कारण रेंजर, बीट गार्ड और अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है। वन विभाग अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच में जुटा है ताकि सागौन तस्करी के पीछे छिपे असली सरगनाओं तक पहुंचा जा सके।

Author: Deepak Mittal









Total Users : 8204291
Total views : 8243282