रायगढ़/खरसिया: मौहापाली (खरसिया) में युवक की निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए खरसिया पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रायगढ़ से पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि वारदात में शामिल दूसरा आरोपी अब भी फरार है। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, चपले निवासी शिव प्रसाद पटेल (36) 16 फरवरी को अपने मामा के घर मौहापाली आया था। रात में घर से निकलने के कुछ देर बाद वह गांव की गली में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसके शरीर पर मारपीट और जलने के गंभीर निशान थे। परिजन उसे तत्काल खरसिया अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया। उपचार के दौरान 17 फरवरी को उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस ने जीरो में मर्ग कायम कर डायरी खरसिया भेजी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनमें मृतक को निलेश डेंजारे उर्फ निले और कृष्णा सोनवानी उर्फ गंगाराम के साथ अंतिम बार देखा गया।
प्रभात पटेल के सुपरविजन और चौकी प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने मुख्य संदेही निलेश डेंजारे उर्फ निले (25) निवासी मौहापाली चौक खरसिया को रायगढ़ से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात स्वीकार कर ली।
आरोपी ने बताया कि घटना की रात वह अपने साथी कृष्णा सोनवानी और मृतक के साथ बैठकर खाना-पीना कर रहा था। इसी दौरान मृतक द्वारा उसके दिवंगत पिता को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद हो गया। गुस्से में आकर दोनों आरोपियों ने शिव प्रसाद पटेल के साथ हाथ-मुक्कों और ईंट से बेरहमी से मारपीट की और उसे घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने घटना के बाद घायल युवक का मोबाइल से वीडियो बनाया था। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर हत्या में प्रयुक्त ईंट, घटना के समय पहने कपड़े, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है।
खरसिया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि हत्या जैसे जघन्य अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस टीम की त्वरित और पेशेवर कार्रवाई की सराहना की जा रही है।
Author: Deepak Mittal









