रतलाम: रेल यात्रा के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां चलती ट्रेन के वॉशरूम में एक जज की पत्नी की मौत हो गई। घटना से यात्रियों और रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत साइलेंट हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार राजकुमार चौहान अपनी पत्नी उषा चौहान के साथ काचीगुड़ा–भगत की कोठी एक्सप्रेस से जोधपुर से निंबाहेड़ा लौट रहे थे। दोनों का आरक्षण अलग-अलग कोच में था, इसलिए वे अलग डिब्बों में सफर कर रहे थे।
बताया गया कि निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंचने से कुछ समय पहले उषा चौहान ने फोन कर अपने पति को बताया कि वह वॉशरूम जा रही हैं। इसके बाद जब ट्रेन स्टेशन पहुंची तो जज राजकुमार चौहान प्लेटफॉर्म पर उतरकर पत्नी का इंतजार करने लगे, लेकिन काफी देर तक वह नजर नहीं आईं।
पत्नी के अचानक लापता होने से चिंतित जज ने रेलवे पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने ट्रेन को आगे के स्टेशनों पर रुकवाकर जांच शुरू की। पहले मंदसौर स्टेशन पर तलाशी ली गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में मोबाइल लोकेशन के आधार पर ट्रेन को जावरा स्टेशन पर रोका गया।
तलाशी के दौरान आरक्षित कोच के एक वॉशरूम का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस और रेलवे कर्मचारियों ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर उषा चौहान अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका जताई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं रेलवे पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8201808
Total views : 8240108