मैहर, 30 दिसंबर: मध्य प्रदेश के मैहर जिले में सोमवार देर रात एक भयानक सड़क हादसे ने श्रद्धालुओं की आस्था को मातम में बदल दिया। देहात (नादन) थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर ग्राम तिलोरा के पास प्रयागराज जा रही श्रद्धालुओं से भरी जीप सामने चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रयागराज जाने निकले थे, मौत ने रास्ता रोक लिया
जानकारी के अनुसार जीप में करीब 20 श्रद्धालु सवार थे, जो कटनी के एनकेजे पकरिया से प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) में 4 जनवरी से शुरू होने वाले माघ मेले में स्नान के लिए जा रहे थे। सभी संगम में डुबकी लगाने की तैयारी में थे, लेकिन मैहर पहुंचते ही उनकी यात्रा मौत के सफर में बदल गई।
टक्कर के बाद हाईवे पर मचा कोहराम
हाईवे पर तेज रफ्तार जीप अचानक आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से घुस गई। टक्कर के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस द्वारा मैहर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने दो लोगों को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया। एक महिला ने कटनी रेफर किए जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य महिला ने इलाज के दौरान अस्पताल में अंतिम सांस ली।
मृतकों और घायलों की स्थिति
पुलिस के अनुसार हादसे में धोंगा पटेल (50) और जीप चालक जितेंद्र प्यासी (24) की मौके पर मौत हो गई। दो मृत महिलाओं की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
घायलों में
जगदीश पटेल, रामसहाय पटेल, राम प्रताप पटेल, मैंगो भाई पटेल, श्याम सुंदर पटेल, ओम पटेल, कृष्णा पटेल, सत्य प्रकाश पटेल, सत्यभान पटेल, संतलाल पटेल, सत्यम पटेल और रामप्रता पटेल शामिल हैं। सभी का इलाज मैहर सिविल अस्पताल और जिला अस्पताल में जारी है।
हादसे के बाद फरार कंटेनर चालक
हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। देहात थाना प्रभारी रेनू मिश्रा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की मुख्य वजह सामने आई है। फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
आस्था की राह में मातम
एक ओर माघ मेले की तैयारियां, दूसरी ओर चार जिंदगियों का यूं सड़क पर खत्म हो जाना… यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। श्रद्धा के इस सफर ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162865
Total views : 8187472