बालोद: तांदुला नदी किनारे मिली महिला की लाश का खुलासा, पति ही निकला हत्यारा

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

बालोद: जिले के देवी नवागांव में तांदुला नदी किनारे संदिग्ध अवस्था में मिली महिला की लाश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में महिला का पति ही उसका हत्यारा निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

23 फरवरी को मिला था शव

23 फरवरी को देवीनवागांव में Tandula River के किनारे एक महिला का शव संदिग्ध हालत में मिला था। ग्रामीणों ने शव की पहचान गांव की ही सावित्री निषाद के रूप में की और इसकी सूचना पुलिस को दी।

रात होने के कारण पुलिस ने मौके पर ही शव को सुरक्षित रखवाया। अगले दिन कोतवाली थाना, साइबर सेल, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103 (BNS) के तहत अपराध दर्ज किया।

विशेष टीम ने किया खुलासा

मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी मोनिका ठाकुर और एसडीओपी बोनीफास एक्का के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने गांव में कई दिनों तक कैंप कर ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ की।

जांच में सामने आया कि मृतका सावित्री पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और बिना बताए मायके चली जाती थी, जिससे पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।

कड़ाई से पूछताछ में कबूला जुर्म

संदेह के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति 41 वर्षीय धर्मेंद्र निषाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और कड़ाई से पूछताछ के बाद उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी ने बताया कि घटना के दिन उसकी पत्नी ने घर का काम नहीं किया था और बच्चे भूखे ही स्कूल चले गए थे। इसी बात से नाराज होकर वह पत्नी को नदी किनारे ले गया और पुरानी साड़ी फाड़कर बनाई रस्सी से उसका गला घोंट दिया। हत्या को हादसा दर्शाने के लिए उसने शव के गले में स्कार्फ लपेट दिया, ताकि यह लगे कि गिरने से फंसकर मौत हुई है।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment