आईपीएल सीजन के बीच ऑनलाइन सट्टा गिरोह के खिलाफ रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। मुंबई और ओडिशा के भवानीपटना तक फैले इस गिरोह पर एक साथ दबिश देकर पुलिस ने 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन बड़े सट्टा पैनल नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 82 मोबाइल, 10 लैपटॉप, नगदी और सट्टे से जुड़ा सामान भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को 13 अप्रैल को सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास एक कार में बैठा व्यक्ति आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहा है। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध वाहन को चिन्हित किया।
वाहन में सवार व्यक्ति से पूछताछ में उसने अपना नाम मनदीप सिंह निवासी टाटीबंध रायपुर बताया। इस दौरान उसकी मोबाइल फोन की जांच करने पर पाया गया कि वह ऑनलाइन बैटिंग साइट्स के जरिए आईडी बनाकर और उन्हें वितरित कर क्रिकेट सट्टा चला रहा था। उसके पास से नगदी रकम भी बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसके अन्य साथी रायपुर, मुंबई, महाराष्ट्र, गोवा और ओडिशा से सट्टा पैनल का संचालन कर रहे हैं।

आरोपी मनदीप सिंह ने बताया कि कमलेश देवांगन (निवासी चंगोराभाठा, डीडी नगर, रायपुर) सट्टे की रकम कलेक्शन का काम करता है। इसके आधार पर पुलिस ने कमलेश देवांगन को भी गिरफ्तार किया, जिसके पास से 20,000 रुपए नगद बरामद किए गए।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि मुंबई में हर्ष नागदेव अपने साथियों के साथ ‘बजरंग ग्रुप’ एप के जरिए सट्टा चला रहा था, जबकि दुर्ग के हरीश नायक और सन्नी देवांगन, ओडिशा में रहने वाले खुमान साहू के साथ मिलकर भवानीपटना में ‘रेड्डी पैनल’ का संचालन कर रहे थे। इस जानकारी के आधार पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर रेड कार्रवाई कर पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया।

Author: Deepak Mittal









Total Users : 8243737
Total views : 8292793