अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, 60 लाख का सोना और नकदी बरामद

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal


दुर्ग पुलिस ने दिनदहाड़े हो रही चोरी की वारदातों का बड़ा खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मेरठ उत्तरप्रदेश से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 400 ग्राम सोना और 3 लाख 50 हजार रुपए नगद बरामद किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 60 लाख रुपए बताई जा रही है।


नेहरू नगर और दुर्ग क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सुराग मिलने पर थाना सुपेला और एसीसीयू की संयुक्त टीम मेरठ और दिल्ली रवाना हुई, जहां से मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।


पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बिलासपुर से एक्टिवा खरीदकर दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर और नवा रायपुर में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी कुछ दिनों से रायपुर के मोदहापारा इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे और फेरीवाले बनकर कपड़ा एवं गलीचा बेचने के बहाने सूने मकानों की रेकी करते थे। घर के बाहर ताला लगे मकानों को निशाना बनाकर दिन में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जाता था।


गिरोह का एक सदस्य बाहर निगरानी करता था, जबकि दूसरा मकान के भीतर चोरी करता था। चोरी का सामान मेरठ के सलीम ज्वेलर्स को बेचा जाता था। पुलिस ने ज्वेलरी शॉप संचालक सलीम को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का सोना और नगदी बरामद की है।


आरोपियों ने पूछताछ में तिफरा बिलासपुर, नवा रायपुर और जबलपुर मध्यप्रदेश में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


गिरफ्तार आरोपी
हासीम खान   श्याम नगर रोड, शालीमार गार्डन, गली नंबर 1, मेरठ उत्तरप्रदेश
सलीम खान  शिवालकास, मेरठ उत्तरप्रदेश
बरामद मशरूका
करीब 400 ग्राम सोना
कीमत लगभग 60 लाख रुपए
नगद 3 लाख 50 हजार रुपए

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment