नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर होने वाली आधिकारिक बैठक को फिलहाल रीशेड्यूल कर दिया गया है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, दोनों देशों ने मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए वार्ता की तारीख आगे बढ़ाने का फैसला किया है।
टैरिफ विवाद के बाद बदली परिस्थितियां
दरअसल, Supreme Court of the United States ने अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump के व्यापक टैरिफ उपायों को अवैध करार दिया। कोर्ट ने 6-3 के फैसले में कहा कि इमरजेंसी पावर का इस्तेमाल कर बड़े पैमाने पर आयात शुल्क लगाना संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है और 1977 के इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर्स एक्ट (IEEPA) के तहत इसकी अनुमति नहीं थी।
फैसले के बाद ट्रंप ने पहले 10 प्रतिशत का ग्लोबल टैरिफ लगाया, जिसे बाद में बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रूथ सोशल’ पर फैसले को “शर्मनाक” बताते हुए कहा कि उनके पास बैकअप प्लान भी मौजूद है।
नई तारीख पर होगा फैसला
बताया जा रहा है कि दोनों देशों के मुख्य ट्रेड नेगोशिएटर्स की अगुवाई में तीन दिवसीय बैठक 23 फरवरी को अमेरिका में प्रस्तावित थी। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, भारतीय प्रतिनिधिमंडल का वॉशिंगटन दौरा अब बाद में होगा। पहले दोनों पक्ष अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले और टैरिफ से जुड़े ताजा घटनाक्रम का अध्ययन करेंगे, उसके बाद नई तारीख तय की जाएगी।
सूत्रों का कहना है कि दोनों देश अंतरिम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन मौजूदा वैश्विक व्यापार परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आगे की रणनीति तय की जाएगी।
Author: Deepak Mittal








Total Users : 8181042
Total views : 8212715