खमतराई में हुक्का-ई सिगरेट का अवैध गोदाम जब्त, 25 लाख का माल बरामद; गोदाम मैनेजर गिरफ्तार

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायपुर: रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना खमतराई क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई है। न्यू गोंदवारा बस्ती स्थित एक गोदाम पर दबिश देकर पुलिस ने प्रतिबंधित ई-सिगरेट, हुक्का और हुक्का से जुड़ी भारी मात्रा में सामग्री जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में गोदाम मैनेजर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो मुख्य आरोपी फरार हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई को लेकर पुलिस कमिश्नरेट ने सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों तथा एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 31 जनवरी 2026 की रात थाना खमतराई क्षेत्र में प्रतिबंधित सामग्री के अवैध भंडारण की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने गोदाम पर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान गोदाम में मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम प्रबोध शर्मा, निवासी कबीर नगर रायपुर बताया और स्वयं को गोदाम का मैनेजर स्वीकार किया। तलाशी में गोदाम से ई-सिगरेट, हुक्का, हुक्का फ्लेवर, कोयला, बोंग, पाइप सहित नशे से जुड़ी 17 प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई। आरोपी द्वारा किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक कंप्यूटर सिस्टम और संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए गए।

मामले में थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 67/26 के तहत सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 (संशोधन 2023) की धारा 4(क), 21(क) तथा इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिषेध अधिनियम 2019 की धारा 7 और 8 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पूछताछ में आरोपी प्रबोध शर्मा ने खुलासा किया कि गोदाम और जप्त सामग्री के वास्तविक मालिक आकाश तलरेजा निवासी शंकर नगर पंडरी रायपुर और नितिन सभागचंदानी निवासी डी.डी. नगर रायपुर हैं। उसने बताया कि यह प्रतिबंधित सामान महाराष्ट्र के पुणे से मंगाया जाता था और रायपुर के विभिन्न इलाकों में सप्लाई किया जाता था।

पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क के तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और पूरे अवैध कारोबार की गहन जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *