Lifestyles: आज के दौर की अनियमित जीवनशैली और भागदौड़ भरे जीवन में लोग अक्सर अपनी सेहत की अनदेखी कर देते हैं। इसका परिणाम यह होता है कि शरीर कई बीमारियों की चपेट में आ जाता है। इन्हीं में से एक गंभीर समस्या ब्लड प्रेशर (बीपी) है, जो देखने में सामान्य लगती है लेकिन समय पर नियंत्रण न होने पर खतरनाक साबित हो सकती है।
National Health Mission के अनुसार, ब्लड प्रेशर कई गंभीर शारीरिक और मानसिक समस्याओं का प्रमुख कारण बन सकता है। हाई ब्लड प्रेशर को “साइलेंट किलर” कहा जाता है क्योंकि अधिकतर लोगों में इसके शुरुआती लक्षण दिखाई नहीं देते। यदि यह लंबे समय तक अनियंत्रित रहे तो हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक, किडनी फेलियर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। वहीं लो ब्लड प्रेशर को भी स्वास्थ्य के लिए धीरे-धीरे नुकसान पहुंचाने वाला माना जाता है।
एनएचएम के दिशानिर्देशों के अनुसार समय पर जांच और सही जीवनशैली अपनाकर ब्लड प्रेशर को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। विशेषज्ञों ने इसके लिए कुछ आसान और प्रभावी उपाय बताए हैं।
बीपी कंट्रोल करने के 5 आसान उपाय
1. दवा समय पर लें
डॉक्टर द्वारा बताई गई दवाएं नियमित रूप से लें और कभी भी अपने मन से दवा बंद न करें। दवा की सही डोज और समय का पालन करना जरूरी है।
2. रोजाना ब्लड प्रेशर मापें
घर पर या नजदीकी हेल्थ सेंटर में नियमित रूप से सुबह और शाम बीपी की जांच करें। इससे स्थिति पर नजर बनी रहती है और जरूरत पड़ने पर तुरंत इलाज शुरू किया जा सकता है।
3. नमक का सेवन कम करें
दिनभर में नमक की मात्रा लगभग 5 ग्राम (एक चम्मच) से ज्यादा न लें। पैकेज्ड फूड, अचार, चिप्स और बाहर का ज्यादा नमकीन खाना कम करें।
4. पर्याप्त पानी पिएं
दिन में कम से कम 8-10 गिलास पानी पिएं। इससे शरीर में डिहाइड्रेशन नहीं होता और अतिरिक्त सोडियम बाहर निकलने में मदद मिलती है।
5. नियमित व्यायाम करें
रोजाना 30-45 मिनट तक ब्रिस्क वॉक, साइकिलिंग, योग या हल्का व्यायाम करें। इससे वजन नियंत्रित रहता है और ब्लड प्रेशर संतुलित रहने में मदद मिलती है।
इसके अलावा विशेषज्ञों का कहना है कि वजन नियंत्रित रखना, धूम्रपान छोड़ना, शराब का सेवन कम करना, फल-सब्जियों का अधिक सेवन करना और तनाव कम करने के लिए योग-ध्यान करना भी जरूरी है। नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर उच्च रक्तचाप को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। अगर बीपी लगातार अनियंत्रित रहे तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8167666
Total views : 8195006