एनएच-49 पर वाहन चालकों के लिए विशाल नि:शुल्क नेत्र और स्वास्थ्य परीक्षण शिविर

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायगढ़: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत रायगढ़ में वाहन चालकों के स्वास्थ्य और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक विशाल नि:शुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर एनएच-49 पर ग्राम अमलीभौना मार्ग किनारे आयोजित किया गया, जिसमें यातायात पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ संजीवनी हॉस्पिटल, ओपी जिंदल फॉर्टिस हॉस्पिटल, सिद्धेश्वर नेत्रालय और रोटरी क्लब रायगढ़ ग्रेटर ने संयुक्त रूप से सहयोग किया।

शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञों और चिकित्सकों ने वाहन चालकों की आंखों की जांच, रक्तचाप मापन और आवश्यक ब्लड टेस्ट किए। जरूरतमंद चालकों को मुफ्त दवाइयां और चश्मे भी वितरित किए गए। बड़ी संख्या में वाहन चालकों ने शिविर का लाभ उठाया और स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की।

इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा भी मौजूद रहे और उन्होंने स्वास्थ्य परीक्षण कराने आए चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की जानकारी दी। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, गति सीमा का पालन, थकान में वाहन न चलाने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व पर जोर दिया।

नगर पुलिस अधीक्षक ने कहा, “वाहन चालक का अच्छा स्वास्थ्य ही सुरक्षित सड़क यात्रा की बुनियाद है। सड़क सुरक्षा माह के माध्यम से यही संदेश हर नागरिक तक पहुँचाया जा रहा है।”

यातायात पुलिस रायगढ़ ने इस शिविर को वाहन चालकों और आम जनता से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने की जानकारी दी। एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी ने बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान इसी तरह के और जागरूकता कार्यक्रम एवं शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment