कोरबा: जिले के मोरगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत केंदई नेशनल हाईवे पर झरना मोड़ के पास रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि, दोनों वाहनों के एयरबैग खुल गए थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल मोरगा चौकी पुलिस तथा 112 आपात सेवा को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को पोड़ी उपरोड़ा स्थित स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, एक ऑल्टो 100 कार में चार लोग सवार थे, जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। दूसरी कार में तीन लोग सवार थे और वे सभी घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों वाहनों में सवार लोग कोरबी क्षेत्र के निवासी हैं।
मृतकों में एक की पहचान धन सिंह यादव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8155741
Total views : 8176241