जगदलपुर: राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक और ट्रैक्टर की आमने-सामने भिड़ंत में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए और चालक को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
रेत भरने जा रहा था ट्रैक्टर
बस्तर थाना प्रभारी सुरेश जांगड़े के अनुसार, मृतक युवक बागबाहरा (बस्तर) का रहने वाला था और वह ट्रैक्टर लेकर काकड़ीघाट रेत भरने जा रहा था। इसी दौरान रायपुर की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक बालेंगा हाईस्कूल के पास ट्रैक्टर से टकरा गया।
अस्पताल पहुंचते ही तोड़ा दम
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और युवक को घायल अवस्था में अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ट्रक चालक गिरफ्तार, लोगों में आक्रोश
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं, स्थानीय लोगों ने NH-30 पर बेलगाम रफ्तार पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।
यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि तेज रफ्तार और लापरवाही किस तरह पलभर में किसी की जान ले सकती है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8181772
Total views : 8213733