आदतन बदमाशों का बस स्टैंड में आतंक: होटल संचालक पर गिरोह बनाकर जानलेवा हमला, राजहरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से तीन आरोपी जेल पहुँचे

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

दल्लीराजहरा। शहर के व्यस्त बस स्टैंड क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब आदतन अपराधियों के एक गिरोह ने होटल संचालक के साथ बेरहमी से मारपीट कर इलाके में दहशत का माहौल बना दिया। मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा और आरोपियों ने होटल संचालक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों और होटल संचालकों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। वहीं राजहरा पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार बस स्टैंड क्षेत्र स्थित “आदिल होटल” के संचालक अब्दुल यूसुफ मंगलवार दोपहर अपने होटल के कैश काउंटर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान वार्ड क्रमांक 20 निवासी अजय बिहारी, निजाम शरीफ, पिट्टू सोनी उर्फ लक्ष्मीनारायण सोनी होटल पहुंचे और वहां चाय-नाश्ता किया। जब होटल संचालक ने उनसे खाने-पीने का पैसा मांगा तो आरोपी भड़क उठे और विवाद करने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने पहले होटल संचालक को धमकाते हुए होटल बंद करा देने की बात कही, फिर गाली-गलौज शुरू कर दी।

मामला यहीं नहीं रुका, आरोपियों ने शराब पीने के लिए पैसों की मांग भी की। विरोध करने पर अजय बिहारी ने अपने भाई विजय बिहारी सहित अन्य युवकों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर होटल संचालक अब्दुल यूसुफ पर हमला बोल दिया।


होटल के भीतर अचानक शुरू हुई मारपीट से अफरा-तफरी मच गई। आरोपियों ने लात-घूंसों और हाथापाई से होटल संचालक को बुरी तरह पीटा, जिससे उसके सिर, दाहिने जबड़े और दोनों आंखों के नीचे गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में होटल संचालक जमीन पर गिर पड़ा। घटना को देख आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बीच-बचाव किया और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।


घटना की सूचना मिलते ही राजहरा पुलिस हरकत में आई और तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 119(1), 191(2), 296 एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज किया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।


नगर पुलिस अधीक्षक विकास पाटले ने बताया कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और व्यापारियों में भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


घटना के बाद बस स्टैंड क्षेत्र के व्यापारियों, होटल संचालकों और स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। बताया जाता है कि पूर्व में भी इनके ऊपर विभिन्न धाराओं पर कार्रवाई हुई है और यह लोग आपराधिक मामलों से जुड़े हुए रहते हैं व्यापारियों का कहना है कि शहर में असामाजिक तत्वों की बढ़ती गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई जरूरी है, ताकि आम लोगों और व्यापारियों में सुरक्षा का विश्वास कायम रह सके। वहीं राजहरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना भी की है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

May 2026
S M T W T F S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  

Leave a Comment