ब्रैम्पटन में पार्किंग एरिया में मची अफरा-तफरी, एक व्यक्ति घायल, एक आरोपी अब भी फरार
नई दिल्ली: कनाडा के ब्रैम्पटन शहर में ट्रक ड्राइवरों के दो गुटों के बीच हुए गैंगवार और अंधाधुंध फायरिंग के मामले में पुलिस ने भारतीय मूल के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना का वीडियो कनाडा पुलिस ने सोशल मीडिया पर साझा किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश अब भी जारी है।
यह घटना 7 अक्टूबर की रात करीब 10:45 बजे की है। जानकारी के मुताबिक, मैकवीन ड्राइव और कैसलमोर के बीच स्थित एक पार्किंग एरिया में दो समूहों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस फायरिंग में एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया था।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
कनाडा पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान तीन आरोपियों की पहचान की गई। 20 नवंबर को वारंट जारी कर उनकी तलाश शुरू की गई, जिसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनजोत भट्टी, नवजोत भट्टी और अमनजोत भट्टी के रूप में हुई है। वहीं, चौथा संदिग्ध अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
क्या हैं आरोप
पुलिस ने तीनों आरोपियों पर हथियार रखने, छिपाकर हथियार ले जाने, भरी हुई प्रतिबंधित बंदूक रखने और लापरवाही से गोली चलाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपियों को इस बात की जानकारी थी कि ट्रक में बंदूक मौजूद है, इसके बावजूद वे उसमें सवार हुए।
हालांकि, तीनों आरोपियों ने ब्रैम्पटन की ओंटारियो कोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें रिहा कर दिया है।
पुलिस फिलहाल फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162427
Total views : 8186790