जॉर्जिया गोलीबारी में चार लोगों की मौत, एक भारतीय नागरिक भी शामिल; भारतीय दूतावास ने जताया शोक

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

अटलांटा: अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में हुई गोलीबारी की एक दर्दनाक घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। इस घटना पर अटलांटा स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि वह इस गोलीबारी की घटना से बेहद दुखी है, जो कथित तौर पर एक पारिवारिक विवाद से जुड़ी बताई जा रही है। दूतावास ने बताया कि आरोपी शूटर को गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़ित परिवार को आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस को सुबह करीब 2:30 बजे ब्रूक आइवी कोर्ट इलाके में गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को एक घर के अंदर चार लोग घायल अवस्था में मिले, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां सभी को मृत घोषित कर दिया गया। शुरुआती जांच में इसे घरेलू विवाद से जुड़ा मामला माना जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि घटना के समय घर के अंदर तीन छोटे बच्चे मौजूद थे। गोलीबारी शुरू होते ही बच्चों ने खुद को बचाने के लिए अलमारी में छिपकर दरवाजा बंद कर लिया था। इन्हीं में से एक बच्चे ने पुलिस को घटना की सूचना दी। शूटर के घर में छिपे होने की आशंका के चलते पुलिस ने के-9 यूनिट की मदद से तलाशी अभियान चलाया। बाद में पुलिस कुत्ते ने संदिग्ध का पता पास के जंगल में लगाया, जहां से उसे हिरासत में ले लिया गया।

घटना में बच्चों को कोई चोट नहीं आई है और बाद में उन्हें परिवार के एक अन्य सदस्य की देखरेख में सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी की पहचान अटलांटा निवासी 51 वर्षीय विजय कुमार के रूप में की है। वहीं मृतकों की पहचान विजय कुमार की पत्नी 43 वर्षीय मीमू डोगरा, 33 वर्षीय गौरव कुमार, 37 वर्षीय निधि चंदर और 38 वर्षीय हरीश चंदर के रूप में हुई है। सभी मृतक लॉरेंसविले के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कथित तौर पर मीमू डोगरा और विजय कुमार के बीच अटलांटा स्थित उनके घर पर विवाद हुआ था। इसके बाद दंपति अपने 12 वर्षीय बच्चे के साथ ब्रूक आइवी कोर्ट स्थित घर पहुंचे, जहां बाद में यह गोलीबारी की घटना हुई। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

November 2026
S M T W T F S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *