कन्हाईबंद के पूर्व सरपंच ने वर्तमान सरपंच के खिलाफ की शिकायत..

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

अपने कार्यकाल में किये कार्य की राशि भुगतान की रखी मांग

(दुर्गेश राठौर ) : जांजगीर-चाम्पा  जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम कन्हाईबंद के पूर्व सरपंच ने वर्तमान सरपंच के खिलाफ अपने कार्यकाल के दौरान किये गये कार्यों की राशि भुगतान की मांग कलेक्टर सहित जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत नवागढ़ व एसडीएम जांजगीर से किये हैं।

अपने शिकायत में नवागढ़ विकासखण्ड के ग्राम पंचायत कन्हाईबंद पूर्व सरपंच राधेलाल राठौर ने बताया कि उनके द्वारा पूर्व में कराये गए निर्माण कार्य की बचत राशि 1,76,033 रुपये वर्तमान सरपंच एकता तिवारी ग्राम कन्हाईबंद ‌द्वारा नहीं दिया जा रहा हैं। पूर्व सरपंच ने बताया कि मैं लकवा ग्रस्त होने के कारण ज्यादा चल फिर सकने में असमर्थ हूँ, मुझे तत्काल राशि की आवश्यकता है।

ग्राम सरपंच श्रीमति एकता तिवारी द्वारा मेरे द्वारा कराये गये रंगमंच निर्माण कार्य की बचत राशि रुपये 1,76,033 की राशि का चेक नहीं काटा जा रहा है। जबकि उक्त निर्माण कार्य का जनपद पंचायत से आकलन कर सी.सी जारी हो चुका है तथा उक्त राशि पंचायत कन्हाईबंद के खाते में जमा हो चुका है।

कार्यालय जनपद पंचायत नवांगढ़ के 14 अक्टूबर 2022 के द्वारा पंचायत के खाते में उक्त राशि आने के बाद भी लगभग 22 माह के पश्चात भी चेक न काटकर एक लकवा ग्रस्त व्यक्ति को पंचायत में बुलाया जा रहा है। ग्राम सचिव श्रीमति हेमलता द्वारा मुझे मौखिक रूप से बताया गया हैं कि जनपद पंचायत से कार्य पूर्णता आदेश जारी होने तथा राशि पंचायत के खाते में आने के कारण चेक काटने में कोई बाधा नहीं है.

सचिव ने बताया कि मैं चेक जारी करने तैयार हूँ, लेकिन सरपंच पति के हस्तक्षेप के कारण सरपंच द्वारा हस्ताक्षर नहीं किया जा रहा है। ऐसा ग्राम सचिव द्वारा मौखिक रूप से कहा गया हैं। सूचना के अधिकार से प्राप्त जानकारी के अनुसार चेक काटने के संबंध में बैठक ही नहीं किया गया है तथा सरपंच द्वारा आरोप से बचने के लिए पंचायत के अन्य सदस्यो के हस्ताक्षर करा कर दूसरे मामलो की चर्चा की जा रही है।

सरपंच श्रीमति एकता तिवारी के पति रजनीकान्त तिवारी जो वर्तमान में सेवा सहकारी समिति सिवनी में सेल्समैन पद पर कार्यरत है के द्वारा पंचायत का संचालन किया जा रहा हैं साथ ही सरपंच पति पंचायत के हर बैठक में वह उपस्थित रहता है लकवा ग्रस्त होने के फलस्वरूप मैं अपने आपको सरपंच पति रजनीकान्त तिवारी से ग्राम पंचायत के अंदर सुरक्षा कर पाने में सक्षम नहीं हूँ। श्री राठौर ने अपने कार्यकाल में किये गये कार्यों की भुगतान एक लाख 76 हजार 33 रुपये तथा उस पर 22 माह का ब्याज सहित राशि दिलवाने की मांग की हैं।

*भुगतान राशि रोकना समझ से परे – उप सरपंच*

इस संबंध में ग्राम के उप सरपंच चित्रभान सिंह राठौर का कहना है कि ग्राम कन्हाईबंद के पूर्व सरपंच राधे लाल राठौर द्वारा अपने कार्यकाल के दौरान मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना अंतर्गत रगमंच का निर्माण पुरेना तालाब माता दाई मंदिर के समीप बनाया गया.

जो 2 वर्ष पहले पूर्ण हो गया है उस रंगमंच में सरपंच एकता तिवारी द्वारा  माह फरवरी 24 में देवी भागवत कथा का आयोजन करवाया गया था जो पूर्ण रूप से व्यक्तिगत आयोजन था। इस तरह सरपंच द्वारा उस रंगमंच का निजी उपयोग करने के बाद भी भुगतान राशि रोकना समझ से परे है, उक्त राशि का भुगतान तत्काल किया जाना चाहिए।

*भुगतान के लिये जनपद से आया है पत्र – सचिव*

ग्राम सचिव हेमलता यादव ने बताया कि रंगमंच का कार्य पहले से पूर्व हो चुका है मैं जनवरी माह में पदभार सम्भाली हू, रंगमंच का बकाया राशि भुगतान एक लाख 76 हजार 33 रुपये भुगतान के संबंध में जनपद पंचायत नवागढ़ से पत्र मिला था एक बैठक में सरपंच एकता तिवारी द्वारा भुगतान नहीं किये जाने के लिये बोला गया हैं। मुझे भुगतान राशि देने में कोई आपत्ति नहीं हैं। वही ग्राम के पूर्व सचिव छतराम कश्यप का कहना है कि ग्राम सरपंच श्रीमती एकता तिवारी एवं पति रजनीकांत तिवारी द्वारा मुझे कार्य राशि भुगतान करने से मना किया गया था।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *