बक्सर: बिहार के बक्सर जिले से शादी समारोह के दौरान फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा नगर पंचायत के मल्लाह टोली में जयमाला कार्यक्रम के दौरान एक सिरफिरे युवक ने दुल्हन को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
जयमाला के दौरान मंच पर चढ़कर चलाई गोली
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सुलेमानपुर से बारात चौसा निवासी नंद लाल मल्लाह की बेटी आरती कुमारी की शादी में आई थी। विवाह की सभी रस्में हर्षोल्लास के साथ चल रही थीं। जयमाला कार्यक्रम के दौरान दूल्हा-दुल्हन मंच पर मौजूद थे, तभी नकाबपोश युवक अचानक स्टेज पर चढ़ गया और दुल्हन आरती कुमारी पर गोली चला दी।
गोली लगते ही दुल्हन मंच पर गिर पड़ी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमलावर घटना को अंजाम देकर फरार हो गया।
वाराणसी रेफर
परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल दुल्हन को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।
प्रेम प्रसंग का मामला, पुलिस जांच में जुटी
मुफस्सिल थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि घटना मंगलवार देर रात की है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस विभिन्न कोणों से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा किया है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8217227
Total views : 8259265