बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ चल रही है। नेशनल पार्क क्षेत्र के जंगलों में हुई इस मुठभेड़ में अब तक 2 नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। मौके से एक AK-47 राइफल बरामद किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
सूत्रों के मुताबिक, इलाके में कुख्यात नक्सली लीडर पापाराव के साथ बड़ी संख्या में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। शनिवार सुबह से ही सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग जारी है।
बताया जा रहा है कि डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के जवान नेशनल पार्क क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन पर निकले थे। इसी दौरान उनकी मुठभेड़ नक्सलियों की एक बड़ी टुकड़ी से हो गई। इसके बाद दोनों ओर से भारी गोलीबारी शुरू हो गई।
मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। मारे गए नक्सलियों के शवों की बरामदगी और अन्य नक्सलियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है।
बीजापुर पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि नक्सल विरोधी अभियान अभी जारी है, इसलिए मुठभेड़ स्थल, ऑपरेशन में शामिल जवानों की संख्या और अन्य संवेदनशील जानकारियां फिलहाल साझा नहीं की जा सकतीं। यह कदम ऑपरेशन में लगे सुरक्षाबलों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
Author: Deepak Mittal








