राजनांदगांव/डोंगरगढ़, राजा शर्मा।
प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने के दावों के बीच डोंगरगढ़ ब्लॉक के ग्राम कटली सेवा सहकारी समिति में खाद वितरण को लेकर किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। किसानों ने समिति प्रबंधन पर खाद वितरण में मनमानी और शासन के निर्देशों का पालन नहीं करने का आरोप लगाया है।
किसानों के अनुसार खेती सीजन शुरू होने से पहले बड़ी संख्या में किसान डीएपी और यूरिया लेने समिति पहुंच रहे हैं, लेकिन पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद आवश्यकता अनुसार खाद नहीं दिया जा रहा। किसानों का कहना है कि प्रति एकड़ कम से कम एक से दो बोरी खाद की जरूरत होती है, जबकि समिति में दो से चार एकड़ भूमि वाले किसानों को केवल एक-एक बोरी खाद ही उपलब्ध कराया जा रहा है।
किसानों ने आरोप लगाया कि समिति प्रबंधन की लापरवाही के कारण उन्हें खुले बाजार से महंगे दामों पर खाद खरीदने मजबूर होना पड़ सकता है। इससे खेती की लागत बढ़ने और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो छोटे और मध्यम वर्ग के किसान सबसे अधिक प्रभावित होंगे।
मामले में समिति प्रबंधक दिनेश सेन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कैमरे पर कोई स्पष्ट जवाब देने से इनकार कर दिया। वहीं डोंगरगढ़ स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा के बैंक मैनेजर योगेंद्र शर्मा ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार शुरुआती चरण में प्रति एकड़ एक बोरी डीएपी और एक बोरी यूरिया वितरण किया जाना तय है तथा खाद की कोई कमी नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि समिति स्तर पर निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है तो यह गंभीर मामला है और इसकी जांच की जानी चाहिए।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8208572
Total views : 8248552