किसान का बेटा CGPSC पास कर बना अफसर
उपशीर्षक: रायगढ़ के रोहित यादव ने पहली ही कोशिश में पाया 54वां रैंक, परिवार में खुशी की लहर
रायगढ़। जिले के लैलूंगा क्षेत्र के मुकडेगा तहसील अंतर्गत होर्रोगुड़ा गांव के किसान परिवार से आने वाले रोहित यादव ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) परीक्षा 2024 में 54वां रैंक हासिल कर इतिहास रच दिया। किसान पुत्र की इस सफलता से गांव सहित पूरे परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है। रोहित ने यह उपलब्धि अपने पहले ही प्रयास में हासिल की है।
रोहित मध्यवर्गीय किसान नेगी राम यादव के सबसे छोटे बेटे हैं। तीन बहनों में इकलौते भाई रोहित ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई 1वीं से 8वीं तक मामा घर तमता में पूरी की। उनके मामा, दुर्योधन यादव — जो सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं — ने रोहित की पढ़ाई की नींव मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
इसके बाद उन्होंने 9वीं से 12वीं की शिक्षा अंबिकापुर में प्राप्त की और ग्रेजुएशन के लिए दिल्ली यूनिवर्सिटी पहुँचे। वहीं ग्रेजुएशन पूरी करने के बाद रोहित ने बिलासपुर में रहकर CGPSC की तैयारी शुरू की।
रोहित ने बताया कि लगातार दो साल की मेहनत और अनुशासन के बाद उन्होंने पहली बार में ही मेन्स और इंटरव्यू दोनों क्लियर कर 54वीं रैंक हासिल की। परिणाम मिलते ही परिवार में उत्साह और गर्व का माहौल छा गया। गांव वालों ने भी रोहित की सफलता को प्रेरणादायक बताया है।
किसान के बेटे की इस सफलता ने साबित कर दिया कि लगन और कड़ी मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8163306
Total views : 8188109