बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति अब कागजों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसका असर सीधे धरातल पर दिखना चाहिए—यह साफ संदेश बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जिला अधिकारियों को दिया।
जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए अफसरों को चेताया कि योजनाओं के क्रियान्वयन या जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, कलेक्टर दीपक सोनी और पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता मौजूद रहे।
लापरवाही पर सीधी कार्रवाई के निर्देश
प्रभारी मंत्री जायसवाल ने दो टूक कहा कि सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए सभी अधिकारियों को जीरो टॉलरेंस नीति का सख्ती से पालन करना होगा।
उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी और सीएमएचओ को स्कूलों व अस्पतालों का नियमित निरीक्षण करने और खामियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि यदि किसी योजना के लिए शासन स्तर पर मांग हो, तो तत्काल प्रस्ताव भेजें—मंजूरी में देरी नहीं होगी।
गांव-शहर दोनों पर बराबर फोकस
प्रभारी मंत्री ने ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों की प्राथमिकता तय कर प्रस्ताव तैयार करने को कहा। वहीं नगरीय निकायों में
-
सड़क
-
पानी
-
बिजली
-
साफ-सफाई
-
नाली व्यवस्था
पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
धान खरीदी में तेजी, कोई किसान न छूटे
धान खरीदी की समीक्षा करते हुए मंत्री जायसवाल ने उपार्जन केंद्रों से धान उठाव में तेजी, खरीदी लिमिट बढ़ाने और छूटे हुए किसानों के रकबा संशोधन के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा—
👉 “हर वास्तविक किसान का एक-एक दाना धान खरीदा जाएगा।”
पीएम आवास योजना पर नाराजगी
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना में किस्त जारी होने के बाद भी निर्माण शुरू न होने पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जाहिर की।
उन्होंने जनपद सीईओ को एक माह के भीतर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं पर सख्त नजर
स्वास्थ्य विभाग को
-
टीबी मरीजों
-
सिकल सेल मरीजों
की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सरकारी अस्पतालों से अनावश्यक रूप से निजी अस्पतालों में रेफर न करने की सख्त हिदायत दी गई।
राजस्व कार्यों में तकनीक और पारदर्शिता
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि सरकार राजस्व कार्यों में तकनीक के अधिक उपयोग को बढ़ावा दे रही है।
उन्होंने आरआई और पटवारियों को फील्ड में संवेदनशीलता के साथ काम करने की सलाह देते हुए चेतावनी दी कि किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई तय है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162431
Total views : 8186805