दिल्ली दरबार में बिलासपुर एयरपोर्ट की गूंज, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने उठाई विस्तार की मांग

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

नई दिल्ली/रायपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार और आधुनिकीकरण को लेकर केंद्र में हलचल तेज हो गई है। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने आज नई दिल्ली में नागर विमानन मंत्री राम एमएनके से शिष्टाचार भेंट कर एयरपोर्ट विकास को लेकर अहम चर्चा की।

इस मुलाकात के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री ने बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार, आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के उन्नयन के लिए आगामी केंद्रीय बजट से आवश्यक वित्तीय सहायता देने का अनुरोध किया।

 बढ़ती यात्री संख्या और हवाई ट्रैफिक पर रखी बात

तोखन साहू ने नागर विमानन मंत्री को बिलासपुर एयरपोर्ट की वर्तमान स्थिति, लगातार बढ़ रही यात्री संख्या, हवाई यातायात में इजाफा और क्षेत्रीय विकास में एयरपोर्ट की अहम भूमिका से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट का विस्तार छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों के आर्थिक, औद्योगिक और पर्यटन विकास को नई रफ्तार देगा।

 निवेश और रोजगार का खुलेगा रास्ता

केंद्रीय राज्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस एयरपोर्ट बनने से वाणिज्यिक उड़ानों में वृद्धि होगी, जिससे राज्य में निवेश के नए अवसर और रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने आग्रह किया कि अगले केंद्रीय बजट में एयरपोर्ट विकास परियोजना के लिए पर्याप्त धनराशि आवंटित की जाए।

 मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन

नागर विमानन मंत्री राम एमएनके ने तोखन साहू की प्रस्तुतियों को गंभीरता से सुना और कहा कि क्षेत्रीय विमानन नेटवर्क को मजबूत करने के लिए ऐसे प्रस्तावों पर सरकार सक्रियता से काम कर रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश देने का आश्वासन भी दिया।

 सुरक्षा, टेक्नोलॉजी और यात्री सुविधाओं पर चर्चा

भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच विमानन सुरक्षा, आधुनिक उड्डयन तकनीक, इंफ्रास्ट्रक्चर और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर भी विस्तृत चर्चा हुई। तोखन साहू ने कहा कि एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण से व्यापारियों, विद्यार्थियों और पर्यटन क्षेत्र को सीधा लाभ मिलेगा।

 सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई बैठक

इस शिष्टाचार भेंट में विमानन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक का माहौल सौहार्दपूर्ण रहा और दोनों पक्षों ने राज्य और राष्ट्रीय विकास के लिए आपसी सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

August 2026
S M T W T F S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031  

Leave a Comment