Lifestyle: आलू ऐसी सब्ज़ी है जो लगभग हर घर की रसोई में आसानी से मिल जाती है। कम कीमत और स्वाद के कारण यह लोगों की पसंदीदा सब्ज़ियों में शामिल है। इससे कई तरह की स्वादिष्ट डिश तैयार की जाती हैं, जिन्हें बच्चे भी बड़े चाव से खाते हैं। आलू में शरीर के लिए ज़रूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं और यह त्वचा की खूबसूरती बढ़ाने में भी सहायक माना जाता है।
हालांकि, विशेषज्ञों के अनुसार आलू में स्टार्च की मात्रा अधिक होती है। अगर इसे गलत तरीके से और अधिक मात्रा में खाया जाए तो इससे वजन बढ़ सकता है और Type 2 Diabetes का खतरा भी बढ़ सकता है।
फ्रेंच फ्राइज़ बन सकते हैं जोखिम की वजह
डॉक्टरों का कहना है कि खासतौर पर डीप फ्राई किए गए आलू, जैसे फ्रेंच फ्राइज़, शरीर में ब्लड शुगर लेवल तेजी से बढ़ा सकते हैं। इससे इंसुलिन रेजिस्टेंस की समस्या पैदा हो सकती है, जो आगे चलकर टाइप 2 डायबिटीज का कारण बनती है।
आज के समय में टाइप 2 डायबिटीज एक आम बीमारी बनती जा रही है। यह न केवल ब्लड शुगर लेवल को बढ़ाती है, बल्कि हृदय रोग और अन्य अंगों की कार्यक्षमता पर भी असर डाल सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि उबले या सादे तरीके से पकाए गए आलू अपेक्षाकृत सुरक्षित होते हैं और सीमित मात्रा में सेवन करने पर इनसे डायबिटीज का खतरा काफी कम रहता है।
डायबिटीज से बचाव के लिए क्या करें?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार डायबिटीज से बचने के लिए खानपान और जीवनशैली में सुधार जरूरी है।
-
फाइबर और प्रोटीन युक्त आहार लें
-
साबुत अनाज, फल और हरी सब्ज़ियां खाएं
-
ब्राउन राइस, क्विनोआ और कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करें
-
बिना चीनी वाली चाय और कॉफी पिएं
-
सॉफ्ट ड्रिंक और एनर्जी ड्रिंक से दूरी बनाएं
-
नियमित व्यायाम करें
-
शराब का सेवन सीमित रखें
-
नट्स और सीड्स जैसे हेल्दी फैट को डाइट में शामिल करें
डॉक्टरों का कहना है कि आलू पूरी तरह से नुकसानदायक नहीं है, लेकिन इसे पकाने का तरीका और मात्रा बेहद अहम है। सही तरीके से पका हुआ और संतुलित मात्रा में खाया गया आलू सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है, जबकि डीप फ्राई किया हुआ आलू डायबिटीज के खतरे को बढ़ा सकता है।
Author: Deepak Mittal









