आधी रात दहशत में घरों से बाहर निकले लोग, पलसाना-जीणमाता समेत कई इलाकों में कंपन
सीकर: राजस्थान के सीकर जिले में देर रात अचानक भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शहर सहित जिले के कई क्षेत्रों में रात करीब 12 बजकर 4 मिनट पर अचानक ज़मीन कांप उठी। झटके महसूस होते ही लोग घबराकर अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।
इन इलाकों में महसूस हुआ भूकंप
भूकंप के झटके मुख्य रूप से पलसाना और जीणमाता क्षेत्र में महसूस किए गए। इसके अलावा खाटूश्यामजी इलाके में भी हल्के कंपन की सूचना मिली है। झटकों की अवधि लगभग 5 से 7 सेकंड बताई जा रही है।
रात का समय होने के कारण अधिकतर लोग गहरी नींद में थे, लेकिन झटकों से अचानक उनकी नींद खुल गई। कई लोगों ने बताया कि घरों में रखी वस्तुएं हिलने लगीं, छत के पंखे डोलते नजर आए और दरवाजों से आवाजें आने लगीं।
कोई नुकसान नहीं
राहत की बात यह रही कि भूकंप के झटके हल्के थे, इसलिए जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। हालांकि, एहतियात के तौर पर लोग झटके रुकने के बाद भी काफी देर तक खुले स्थानों में ही मौजूद रहे।
भूकंप क्यों आते हैं?
विशेषज्ञों के अनुसार, भूकंप पृथ्वी की आंतरिक हलचलों के कारण आते हैं। धरती की सतह कई टेक्टोनिक प्लेट्स से बनी है। जब ये प्लेट्स आपस में टकराती हैं, खिसकती हैं या इनके बीच दबाव बढ़ता है, तो अंदर जमा ऊर्जा अचानक बाहर निकलती है, जिससे ज़मीन में कंपन होता है।
अच्छी बात यह है कि राजस्थान भूकंप के अत्यधिक संवेदनशील जोन में शामिल नहीं है।
भूकंप के दौरान बरतें ये सावधानियां
-
घबराएं नहीं, शांति बनाए रखें।
-
किसी मजबूत टेबल या फर्नीचर के नीचे बैठकर उसे पकड़ लें।
-
यदि संभव हो तो खुले स्थान में चले जाएं।
-
बिजली के खंभों, शीशे, भारी वस्तुओं और इमारतों से दूर रहें।
प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और फिलहाल किसी तरह की आपात स्थिति की सूचना नहीं है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8155727
Total views : 8176222