जाजपुर (ओडिशा): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के ओडिशा दौरे को देखते हुए जाजपुर शहर के सभी स्कूल 3 फरवरी को बंद रहेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर जानकारी दी है।
नोटिफिकेशन के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू 3 फरवरी को जाजपुर पहुंचेंगी, जहां वे बिरजा मंदिर में दर्शन करेंगी और अपने पूर्वजों को पिंडदान भी करेंगी। सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों के मद्देनज़र शहर के सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है।
राष्ट्रपति 2 फरवरी की शाम भुवनेश्वर पहुंचेंगी। 3 फरवरी को जाजपुर के कार्यक्रमों के बाद वे उसी दिन बालासोर जाएंगी, जहां फकीर मोहन विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।
4 फरवरी को राष्ट्रपति का कार्यक्रम मयूरभंज जिले के रायरांगपुर में प्रस्तावित है। इस दौरान वे प्रतिष्ठित आदिवासी नेता भंजबीर सुनाराम सोरेन की प्रतिमा का अनावरण करेंगी और महूलडीहा स्थित सरकारी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में छात्राओं से संवाद करेंगी। इसके अलावा वे सरकारी आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, OUAT कैंपस में विकास कार्यों, तीरंदाजी केंद्र, शहर के सौंदर्यीकरण व ड्रेनेज अपग्रेडेशन, विभिन्न CSR परियोजनाओं और MSCB यूनिवर्सिटी आईटी कैंपस सहित कई योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगी।
6 फरवरी को राष्ट्रपति सिमलीपाल में आदिवासी समुदायों की महिलाओं और युवाओं से सीधे संवाद करेंगी। इसके बाद वे भुवनेश्वर में आयोजित ‘ब्लैक स्वान समिट, इंडिया’ में शिरकत करेंगी, जिसे ओडिशा सरकार ने ग्लोबल फाइनेंस एंड टेक्नोलॉजी नेटवर्क के सहयोग से आयोजित किया है।
अपनी यात्रा के अंतिम दिन 7 फरवरी को राष्ट्रपति मुर्मू छत्तीसगढ़ जाएंगी, जहां वे जगदलपुर में ‘बस्तर पंडुम 2026’ उत्सव का उद्घाटन करेंगी।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8151218
Total views : 8168952