कसौली: हिमाचल प्रदेश के शांत और सुकून भरे कसौली क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने वैवाहिक रिश्तों की पवित्रता को झकझोर कर रख दिया है। शनोगी गांव में एक पति ने महज तीन महीने पहले ब्याही अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, चतर सिंह (43) और उसकी पत्नी सुमन (38) के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि चतर सिंह ने आपा खोते हुए घर में रखे एक पैने हथियार से सुमन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के दौरान लगे गंभीर वारों के चलते सुमन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना को और भी दुखद बनाने वाला तथ्य यह है कि दंपती का विवाह नवंबर 2025 में ही हुआ था। जिस घर में हाल ही में शादी की खुशियां मनाई गई थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
सूचना मिलते ही कुठाड़ पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को सुमन का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला, जिसके शरीर और गर्दन पर गहरे जख्मों के निशान पाए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला घरेलू हिंसा से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम की पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है और उसे अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी, ताकि वारदात में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य अहम साक्ष्य जुटाए जा सकें। मामले की गहन जांच जारी है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8243754
Total views : 8292813