छत्तीसगढ़ में हो रही लगातार बारिश से नदी-नालों का जलस्तर काफी बढ़ गया है। वहीं, NMDC का डैम टूटने से बाढ़ की चपेट में आए किरंदुल शहर में फिर पानी बढ़ रहा है।

एहतियातन प्रशासन लोगों से घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने को कह रहा है। इस बीच कई ऐसी तस्वीरें आई हैं, जिनमें हालात काफी चिंताजनक दिख रहे हैं।
किरंदुल में एक बार फिर बाढ़ जैसे हालत बन रहे हैं। लगातार हो रही बारिश की वजह से बैलाडीला की पहाड़ी पर स्थित NMDC के प्लांट 11-C की तरफ से लाखों लीटर पानी उतर रहा है.
जिससे फिर कुछ वार्ड प्रभावित हुए हैं। कई घरों में पानी घुस गया है। प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। लोगों का रेस्क्यू किया जा रहा है।
शनिवार सुबह रेलवे स्टेशन कॉलोनी और तालाब पारा के दर्जनों मकानों में पानी घुस गया। प्रशासन की रेस्क्यू टीम एक-एक घर में जाकर लोगों का रेस्क्यू कर रही है।
बच्चों, महिला, बुजुर्गों को बाहर निकाला जा रहा है। प्रशासन की टीम अनाउंस कर लोगों से अपील कर रही है कि जिस भी घर में पानी घुस रहा है, वे लोग घर से निकल जाएं, किसी सुरक्षित जगह पर चले जाएं।
