रेड फोर्ट के पास i20 कार में हुआ विस्फोट आतंकी हमला, एनआईए ने संभाली जांच
दिल्ली। राजधानी दिल्ली में 10 नवंबर को रेड फोर्ट के पास हुए भीषण कार ब्लास्ट की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। फॉरेंसिक टीम ने पुष्टि की है कि विस्फोटक से लदी ह्यूंडई i20 कार में मौजूद व्यक्ति कोई और नहीं बल्कि आतंकी डॉक्टर उमर नबी (उर्फ उमर मोहम्मद) ही था। कार के मलबे से मिले अवशेषों का DNA टेस्ट उमर के परिवार के सैंपल से 100% मैच कर गया है। इससे साफ हो गया कि उमर ने ही इस आतंकी हमले को अंजाम दिया था।
इस धमाके में 12 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 20 लोग घायल हुए थे। जांच एजेंसियों को शुरू से ही शक था कि हमले में डॉ. उमर का हाथ है। वह फरीदाबाद के “व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल” का प्रमुख सदस्य था और लंबे समय से फरार चल रहा था।
सूत्रों के मुताबिक, उमर ने हमले में इस्तेमाल की गई सफेद ह्यूंडई i20 कार को धमाके से 11 दिन पहले खरीदा था। वह जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के संबूरा गांव का रहने वाला था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उमर की मां और भाई से DNA सैंपल लिए थे, जो ब्लास्ट साइट से मिले हड्डियों, दांत और कपड़ों के टुकड़ों से पूरी तरह मेल खा गए।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों की बढ़ती दबिश से घबराकर उमर ने खुद को भी कार के साथ उड़ा लिया। जांच में पता चला है कि उमर का संपर्क तुर्की के अंकारा में बैठे अपने हैंडलर ‘यू-कासा’ (UKasa) से लगातार बना हुआ था। वह उनसे सेशन ऐप के जरिए बात करता था। बताया जा रहा है कि मार्च 2022 में उमर समेत कुछ अन्य संदिग्ध तुर्की गए थे, जहां उनका ब्रेनवॉश किया गया था।
एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) ने अब मामले की कमान संभाल ली है और तुर्की के दूतावास से भी आधिकारिक सहयोग मांगा है। सूत्रों के अनुसार, यह आतंकी नेटवर्क पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़ा हुआ है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट कमिटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक में इस विस्फोट को “आतंकी हमला” घोषित किया गया है। यह मामला अब देश में सक्रिय “व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल” का सबसे बड़ा खुलासा माना जा रहा है — जहां पढ़े-लिखे और प्रोफेशनल लोग, जैसे डॉक्टर और इंजीनियर, आतंकवादी गतिविधियों में शामिल पाए जा रहे हैं।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि धमाके से कुछ घंटे पहले i20 कार को फरीदाबाद, बदरपुर बॉर्डर, ओखला इंडस्ट्रियल एरिया और मयूर विहार में घूमते हुए देखा गया था। दोपहर करीब 2:30 बजे, कार कनॉट प्लेस के इनर सर्कल में चक्कर लगाती दिखी। उस वक्त उमर ने ब्लैक मास्क पहन रखा था, और कुछ देर बाद ही रेड फोर्ट के पास जोरदार धमाका हुआ, जिसने पूरे इलाके को हिला दिया।
जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं, ताकि इस आतंकी साजिश की पूरी परतें खोली जा सकें।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8188895
Total views : 8223385