‘‘सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा’’ विषय पर जिला स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

‘‘सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा’’ विषय पर जिला स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

निर्मल अग्रवाल ब्यूरो प्रमुख मुंगेली 8959931111

मुंगेली- राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण मुंगेली के अध्यक्ष कुन्दन कुमार तथा सीईओ जिला पंचायत प्रभाकर पाण्डेय के मार्गदर्शन में जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन कक्ष में ‘‘सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा’’ विषय पर जिला स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता की शुरुआत 15 अगस्त को विद्यालय स्तर पर हुई थी, जिसके पश्चात 23 अगस्त को विकासखंड स्तर और 30 अगस्त को जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सार्वजनिक जीवन में नियमों के पालन का महत्व समझाना था। जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुंगेली, लोरमी एवं पथरिया विकासखंडों से चयनित 90 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुआ।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी सी.के.घृतलहरे ने कहा कि यातायात नियम सड़क सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण होता है। हम सभी को यातायात नियमों का पालन करना चाहिये। उन्होंने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम को सफल करने हेतु किये गये प्रयासों के लिए उत्साहवर्धन करते हुए सभी को शुभकामनाये दी और आगे जिले का प्रतिनिधित्व करने वाले टीमों को बेहतर करने हेतु प्रेरित किया। निर्णायक मण्डल से वरिष्ठ नागरिक डी. के. सोलंकी ने कहा कि जीवन को सुरक्षित रखने के लिए यातायात के नियमों का पालन करते हुए सामान्य गति में गाड़ियों का उपयोग करते हुए जीवन को सुरक्षित रखा जा सकता है।

यातायात विभाग से यशवंत सिंह ने यातायात के नियम पर प्रकाश डालते हुए गाड़ी चलाते समय मद्यपान एवं मोबाईल का उपयोग नहीं करने की सलाह दी। साथ ही यातायात संबंधी धारा एवं नियमों की जानकारियां दी। शिक्षक रामपाल सिंह ठाकुर ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि है असफल होने वाले छात्र हारते नहीं, बल्कि और सीखते है। असफल छात्रों को और अधिक मन लगाकर प्रयास करना चाहिए। रामनाथ गुप्ता, जिला परियोजना अधिकारी साक्षरता मिशन ने उल्लास साक्षरता से जुड़कर बोर्ड परीक्षा के छात्र 10 बोनस अंक प्राप्त करने हेतु प्रयास करने प्रोत्साहित किया। अतिथियों द्वारा सभी को उल्लास शपथ दिलाया गया।


जिला स्तरीय वाद विवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पक्ष में क्लब संकुल पंडरभट्ठा एवं विपक्ष में पीएमश्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम दाऊपारा, द्वितीय स्थान पक्ष में पीएमश्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम दाऊपारा एवं विपक्ष में क्लब संकुल पंडरभट्ठा तथा तृतीय पुरस्कार पक्ष एवं विपक्ष दोनों में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दशरंगपुर ने प्राप्त किया, जिन्हें क्रमशः 07 हजार, 05 हजार एवं 03 हजार रूपए प्रदान किया गया। साथ ही 05 स्कूलों को सांत्वना पुरस्कार 02-02 हजार रुपए दिया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को राज्य स्तर से प्रमाण पत्र प्रदान किया जायेगा। कार्यक्रम में आए हुए सभी अतिथियों, निर्णायक, शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं को उल्लास शपथ दिलाकर उल्लास कार्यक्रम से जोड़कर बोर्ड की कक्षाओं में 10 बोनस अंक प्राप्त करने हेतु प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान व्याख्याता संजय सोनी एवं डॉ. पूर्णिमा मिश्रा प्राचार्य, शा. उ. मा. वि. फास्टरपुर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment