धान खरीदी से पहले जिला प्रशासन सख्त, अवैध भंडारण व परिवहन पर बड़ी कार्रवाई
महासमुंद में 452 कट्टा धान जब्त, कई प्रतिष्ठानों और वाहनों पर छापेमारी — किसानों के हित में अभियान जारी
महासमुंद। धान खरीदी सीजन शुरू होने से पहले महासमुंद जिला प्रशासन ने अवैध धान परिवहन, भंडारण और विक्रय के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को की गई संयुक्त कार्रवाई में प्रशासन ने कुल 452 कट्टा धान जब्त किया। यह कार्रवाई जिले के विभिन्न इलाकों में मंडी विभाग, खाद्य विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार, मंडी सचिव महासमुंद के नेतृत्व में गठित निरीक्षण दल — उपनिरीक्षक कमल नारायण साहू और अखिलेश राठिया ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। लाफिंग खुर्द में भारत भूषण साहू के प्रतिष्ठान से 50 कट्टा धान और ग्राम बम्हनी में खिलावन यादव के प्रतिष्ठान से 102 कट्टा धान अवैध रूप से संग्रहित पाए गए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
इसके अलावा सरायपाली क्षेत्र में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने केंदुवा-सागरपाली मेन रोड पर एक पिकअप वाहन से 60 पैकेट (लगभग 24 क्विंटल) धान का अवैध परिवहन करते हुए वाहन जब्त किया। वहीं, ग्राम बकमा स्थित शेखर ट्रेडर्स के प्रतिष्ठान से 240 कट्टा धान अवैध रूप से संग्रहित पाया गया, जिसे मंडी के सुपुर्द कर दिया गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी प्रारंभ होने से पहले किसी भी प्रकार का अवैध भंडारण या परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने जिले की सीमाओं और मुख्य मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी है।
अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य किसानों के हितों की रक्षा करना और खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाए रखना है। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8167085
Total views : 8194058