Bilaspur: जिले के मस्तूरी क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मल्हार की रहने वाली 19 वर्षीय मल्लिका कुर्रे की लाश उसके प्रेमी के घर में कमरे के रोशनदान से फांसी के फंदे पर लटकी मिली। घटना के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार, मल्लिका मंगलवार को मेला देखने जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। बाद में धनगंवा निवासी उसके प्रेमी राजू लहरिया ने युवती के परिवार को फोन कर बताया कि वह उसके घर पर है। परिवार ने युवती के घर छोड़कर जाने की बात कहते हुए उसे वापस लाने से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती वहीं रह रही थी।
शुक्रवार सुबह राजू के घर के एक कमरे में युवती की लाश रोशनदान में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। इसकी सूचना आसपास के लोगों और कोटवार को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
घटना की जानकारी मिलने पर युवती के परिजन धनगंवा पहुंचे और राजू व उसके परिवार पर हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने परिजनों को समझाइश देते हुए मामले की जांच का आश्वासन दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author: Deepak Mittal









