
(स्वप्ना माधवानी) : बालोद, गुंडरदेही : छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज गुंडरदेही नगर में ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भोजराज साहू के नेतृत्व में बंद का आयोजन किया गया। इस बंद को व्यापारी संघ का स्वस्फूर्त समर्थन मिला, जिसके चलते व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
बंद का प्रमुख उद्देश्य हाल ही में कवर्धा जिले के ग्राम लोहारीडीही में हुई हत्या, आगजनी और पुलिस हिरासत में बंदी प्रशांत साहू की कथित पुलिस पिटाई से हुई मौत के खिलाफ विरोध जताना था, जिसने पूरे प्रदेश में तनावपूर्ण स्थिति पैदा कर दी है।
प्रदेश में कानून-व्यवस्था की लगातार बिगड़ती स्थिति, महिलाओं की सुरक्षा में कमी, और बढ़ते अपराधों के प्रति राज्य सरकार की विफलता को लेकर कांग्रेसजनों ने आक्रोश व्यक्त किया। कांग्रेस द्वारा मांग की गई कि राज्य के गृह मंत्री को तुरंत बर्खास्त किया जाए और दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
बंद को सफल बनाने के लिए पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णा दुबे, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष संजय साहू, तहसील साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. मानसिंह सार्वा, पुष्पेंद्र तिवारी, विधायक प्रतिनिधि तरुण पारकर, ब्लाक महामंत्री मोंटू चंद्राकर सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नेताओं ने भाग लिया।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8224969
Total views : 8269265