गौरेला-पेंड्रा: जिले में आगामी हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। प्री-एग्जाम (मूल्यांकन टेस्ट) के कमजोर नतीजों और शिक्षकीय दायित्वों में लापरवाही को देखते हुए जिले के 9 स्कूलों के शिक्षकों और प्राचार्यों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने पेंड्रा और मरवाही विकासखंड के विभिन्न शासकीय हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कुड़कई, निमधा, अनडी, मडवाही सहित अन्य स्कूलों में पढ़ाए जा रहे विषयों, छात्रों के मूल्यांकन टेस्ट और कक्षा शिक्षण की गुणवत्ता की गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान कई विद्यालयों में पढ़ाई की गुणवत्ता, छात्रों की तैयारी और मूल्यांकन प्रक्रिया में गंभीर कमियां सामने आईं। इन्हीं लापरवाहियों के आधार पर संबंधित शिक्षकों और प्राचार्यों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
उल्लेखनीय है कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले का पिछले वर्ष का बोर्ड परीक्षा परिणाम संतोषजनक नहीं रहा था, जिस पर कलेक्टर ने पहले ही नाराजगी जताते हुए बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करने और परीक्षाओं की सघन तैयारी कराने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में शिक्षा विभाग द्वारा लगातार स्कूलों का निरीक्षण किया जा रहा है और कक्षाओं में जाकर अध्ययन-अध्यापन के स्तर की नियमित समीक्षा की जा रही है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8223665
Total views : 8267600