रेड्डी अन्ना 108 एप से ऑनलाइन सट्टा संचालित करते चार आरोपी गिरफ्तार

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

2 लैपटॉप, 17 मोबाइल, 15 एटीएम कार्ड और 90 हजार रुपये नकद जब्त

दुर्ग। खुर्सीपार पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ‘रेड्डी अन्ना 108’ एप्लीकेशन के माध्यम से अवैध सट्टा संचालित करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन, 15 एटीएम कार्ड और 90 हजार रुपये नकद सहित अन्य सामग्री जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्सीपार के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गुरुदयाल सिंह के यार्ड में टाटा सर्विस सेंटर के पास एक कमरे में कुछ लोग लैपटॉप और मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही खुर्सीपार पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान चार व्यक्ति ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों में संलिप्त पाए गए, जिन्हें हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ‘रेड्डी अन्ना 108’ ऑनलाइन सट्टा एप और पैनल के जरिए सट्टे का कारोबार संचालित कर रहे थे। इसके लिए विभिन्न लोगों के बैंक खातों और एटीएम कार्ड का इस्तेमाल सट्टे की रकम के लेन-देन में किया जाता था। खाताधारकों को इसके बदले कमीशन अथवा निर्धारित राशि दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

पुलिस ने अमित तिवारी (21), निवासी सेक्टर-11, जोन-02 खुर्सीपार; विकास कुमार साहू (24), निवासी मछली मार्केट, जोन-02 खुर्सीपार; शुभम कुमार पाल (21), निवासी सेक्टर-11, जोन-02 खुर्सीपार तथा यशमीत सिंह (19), निवासी जोन-03, मस्जिद के पास खुर्सीपार को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 510/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6, 7, 8 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। साथ ही सट्टे के लेन-देन में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कमीशन या आर्थिक लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड अथवा ओटीपी किसी अनजान व्यक्ति को न दें। ऑनलाइन सट्टे और संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

November 2026
S M T W T F S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *