10 रुपये की टिकट लेकर CM साय ने लिया एडवेंचर स्पोर्ट्स का आनंद, मयाली नेचर कैंप में चार नए साहसिक खेल शुरू

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

जशपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को अलग अंदाज़ में नजर आए। उन्होंने आम नागरिक की तरह 10 रुपये का प्रवेश टिकट कटाकर जिले के लोकप्रिय पर्यटन स्थल मयाली नेचर कैंप में प्रवेश किया और वहां साहसिक खेल गतिविधियों का आनंद लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई नए एडवेंचर स्पोर्ट्स की औपचारिक शुरुआत भी की। प्रवेश शुल्क अदा कर उन्होंने नियमों के पालन और समानता का सशक्त संदेश दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, विधायक गोमती साय, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री साय ने नेचर कैंप में विकसित अधोसंरचनाओं, सुरक्षा व्यवस्था, पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रकृति-आधारित पर्यटन और साहसिक गतिविधियां न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देती हैं, बल्कि स्थानीय समुदाय के लिए रोजगार और आय के नए अवसर भी सृजित करती हैं।

चार नए एडवेंचर स्पोर्ट्स का शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने मयाली नेचर कैंप में एटीवी (स्पोर्ट्स मोटर बाइक) स्वयं चलाकर साहसिक पर्यटन का अनुभव लिया। इसके बाद उन्होंने बैलून शूटिंग में सटीक निशाना साधते हुए इसका शुभारंभ किया। आर्चरी शूटिंग में तीर चलाकर मुख्यमंत्री ने इस खेल की शुरुआत की, वहीं माउंटेन साइक्लिंग का शुभारंभ करते हुए स्वयं साइकिल चलाकर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। इसके साथ ही वॉल क्लाइंबिंग बोर्ड का भी उद्घाटन किया गया।

इस दौरान वॉल क्लाइंबर तेज सिंह और तेजल भगत ने मुख्यमंत्री के समक्ष वॉल क्लाइंबिंग कर अपने कौशल का प्रदर्शन किया, जिसकी मुख्यमंत्री ने सराहना की। मुख्यमंत्री श्री साय बॉक्स क्रिकेट खेलते हुए भी नजर आए और स्टेट ड्राइव व ऑफ साइड पर आकर्षक शॉट लगाए।

मुख्यमंत्री ने मयाली नेचर कैंप स्थित कैक्टस गार्डन का भी अवलोकन किया, जहां विभिन्न प्रजातियों के कैक्टस लगाए गए हैं। इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी शशि कुमार ने कैक्टस के औषधीय महत्व की जानकारी दी।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

September 2026
S M T W T F S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930  

Leave a Comment