प्रार्थना सभा में हड़कंप, एक-एक कर बेहोश होने लगे बच्चे

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

खैरागढ़: जिले के करमतरा स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रार्थना सभा के दौरान बच्चे अचानक चक्कर खाकर गिरने लगे। देखते ही देखते कई छात्र बेहोश हो गए, जिससे स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कूल खुलने से पहले बच्चे समय से पहले परिसर में पहुंच गए थे। इसी दौरान उन्होंने स्कूल के आसपास लगे रतनजोत के पौधे का फल खा लिया, जो जहरीला होता है। बच्चों को इसकी जानकारी नहीं थी।

प्रार्थना शुरू होते ही बिगड़ी तबीयत

जैसे ही प्रार्थना सभा शुरू हुई, बच्चों को चक्कर आने लगे। कुछ ही मिनटों में एक-एक कर बच्चे जमीन पर गिरने लगे। इस घटना में कुल 17 बच्चे बीमार हो गए, जिनमें से कई कुछ देर के लिए बेहोश भी हो गए।

घबराए शिक्षकों ने तुरंत बच्चों को संभाला और सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालबांधा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम ने तत्काल इलाज शुरू किया।

चार बच्चों पर ज्यादा असर, एक रेफर

डॉक्टरों के अनुसार, चार बच्चों पर रतनजोत के जहरीले फल का असर ज्यादा देखा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि:

  • अधिकांश बच्चों की हालत अब स्थिर है

  • एक बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए खैरागढ़ रेफर किया जा रहा है

  • बाकी बच्चों को निगरानी में रखा गया है और लगातार स्वास्थ्य जांच की जा रही है

गांव में मचा हड़कंप

घटना की खबर मिलते ही करमतरा गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में पालक और ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। बच्चों को अस्पताल में देखकर परिजनों में काफी चिंता और आक्रोश देखने को मिला।

DEO बोले – जानकारी ली जा रही

इस पूरे मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी लाल जी द्विवेदी ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment