रायगढ़। जूट मिल थाना क्षेत्र स्थित होटल अमाया में एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ हुए असंवेदनशील व्यवहार ने स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया। घटना के दौरान बुजुर्ग, जो पारंपरिक लूंगी पहनकर आए थे, उन्हें होटल से बाहर निकाल दिया गया, जिससे स्थानीय समुदाय में रोष फैल गया।
जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग व्यक्ति केवल भोजन करने होटल पहुंचे थे, लेकिन होटल प्रबंधन ने उनके पारंपरिक पहनावे को लेकर उन्हें बाहर जाने का निर्देश दिया। यह कार्रवाई स्थानीय युवाओं और लोगों को बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं लगी। उन्होंने होटल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और बुजुर्ग के साथ हुई अनुचित व्यवहार की निंदा की।
होटल के बाहर स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण रही। लोगों ने बुजुर्ग के सम्मान की मांग की और प्रबंधन की कार्रवाई को सांस्कृतिक मान्यताओं के प्रति असम्मानपूर्ण बताया। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने बताया कि बुजुर्ग का व्यवहार शांत और सभ्य था, लेकिन प्रबंधन की सख्त प्रतिक्रिया ने विवाद को हवा दे दी।
हालांकि, होटल प्रबंधन ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। प्रबंधन ने कहा कि यह एक गलतफहमी थी और भविष्य में सभी ग्राहकों की संस्कृति और परंपराओं का सम्मान सुनिश्चित किया जाएगा। इस कदम के बाद मामला शांत हुआ।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8181010
Total views : 8212666