खैरागढ़ (छुईखदान)। राजनांदगांव जिले के छुईखदान क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भोरमपुर में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना हुई, जब एक किसान के घर में रखे घरेलू फ्रिज में भीषण विस्फोट हो गया। हादसे में 52 वर्षीय किसान श्रीराम वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, श्रीराम वर्मा रोज की तरह फ्रिज से सामान निकालने के लिए उसका दरवाजा खोल रहे थे, तभी अचानक जबरदस्त धमाका हुआ। विस्फोट की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि उनके दोनों पैर मौके पर ही उखड़ गए और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गहरी चोटें आईं। घटना के बाद घर और आसपास के ग्रामीण दहशत में आ गए।
परिजन तुरंत घायल को छुईखदान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर आंतरिक चोटों के चलते किसान ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। श्रीराम वर्मा अपने पीछे एक पुत्र और तीन पुत्रियों का परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और परिजन सदमे में हैं।
धमाके का कारण अब तक अस्पष्ट
फ्रिज में हुए विस्फोट का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि फ्रिज काफी पुराना था और संभवत: कंप्रेसर फेल होने, गैस लीकेज या शॉर्ट सर्किट के कारण हादसा हुआ हो सकता है। विशेषज्ञों की टीम तकनीकी जांच कर रही है।
यह हादसा बना चेतावनी
यह दुर्घटना हर घर के लिए चेतावनी है कि घरेलू इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों—जैसे फ्रिज, कूलर, एसी, गीजर आदि—की समय-समय पर जांच और सर्विसिंग आवश्यक है। विशेषज्ञों का सुझाव है कि केवल अधिकृत तकनीशियन से ही निरीक्षण करवाएं और सुरक्षा से जुड़ी रिपोर्ट भी लिखित रूप में सुरक्षित रखें।
प्रशासन करेगा जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। तकनीकी जांच टीम जल्द ही विस्फोट के असली कारणों की रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8163428
Total views : 8188293