CM विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक शुरू, धान खरीदी और पुलिस कमिश्नरी पर मंथन

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में राज्य मंत्रिपरिषद की कैबिनेट बैठक शुरू हो गई है। बैठक में राजधानी रायपुर में लागू पुलिस कमिश्नरी व्यवस्था को और सशक्त करने तथा राज्य में 31 जनवरी तक जारी धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। दोनों विषयों को बैठक के प्रमुख एजेंडे में शामिल किया गया है।

बताया गया कि कैबिनेट बैठक के समय और स्थान में अंतिम समय पर बदलाव किया गया। पहले यह बैठक नया रायपुर स्थित मंत्रालय में सुबह 11 बजे प्रस्तावित थी, लेकिन बाद में इसे मुख्यमंत्री निवास में सुबह 10:30 बजे आयोजित करने का निर्णय लिया गया। सभी मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और संबंधित विभागों को बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए गए थे।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में रायपुर पुलिस कमिश्नरी के क्षेत्र विस्तार से जुड़ा प्रस्ताव भी पेश किया जाएगा। प्रस्ताव के तहत नवा रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के कुछ हिस्सों को रायपुर पुलिस कमिश्नरी के दायरे में शामिल करने की योजना है। इस संबंध में गृह विभाग, पुलिस मुख्यालय और जिला प्रशासन स्तर पर तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई हैं।

कैबिनेट के फैसलों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, जिनकी आधिकारिक जानकारी बैठक के बाद सामने आने की संभावना है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment