नारायणपुर: ज़िले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। जादू-टोने और अंधविश्वास के शक में पाँच दरिंदों ने एक महिला के घर में घुसकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। हालांकि इस जघन्य अपराध के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी पाँचों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला सोनपुर थाना क्षेत्र के इरपानार गांव का है। जानकारी के अनुसार, 30 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे मुख्य आरोपी पंडी राम वड्डे अपने साथियों के साथ महिला के घर में घुसा। आरोपियों ने महिला पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते हुए पहले उसके साथ मारपीट की और फिर निर्ममता से उसकी जान ले ली। हमले के दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, महिला का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और मामले की गहन जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पंडी राम वड्डे, सुक्कु वड्डे उर्फ मंगतु, संतु ध्रुवा उर्फ बोडसे, नरसिंह वड्डे और राजेश वड्डे उर्फ बांडा के नाम सामने आए।
पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की, तो उन्होंने हत्या की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने BNS की धारा 103 और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि आज भी अंधविश्वास के नाम पर इस तरह की घटनाएं होना बेहद चिंताजनक है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह या अंधविश्वास में न आएं और कानून को हाथ में न लें।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162536
Total views : 8186981