होली से पहले खूनी वारदात: युवक ने माता-पिता समेत चार की हत्या की, संपत्ति विवाद बना वजह

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में होली से पहले एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बहराइच के रुपईडीहा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में पारिवारिक संपत्ति विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां एक युवक ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर अपने माता-पिता, बहन और दादी की हत्या कर दी। बीचबचाव में आए बड़े भाई को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

संपत्ति विवाद में हुआ खून-खराबा

पुलिस के अनुसार संपत्ति को लेकर परिवार में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि युवक ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसके माता-पिता, दादी और बहन की मौके पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे बड़े भाई ने रोकने की कोशिश की, तो उस पर भी हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

आरोपी ने की आत्महत्या की कोशिश

वारदात के बाद आरोपी ने खुद को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक उसने ईंट से अपने सिर पर कई वार किए, जिससे अधिक रक्तस्राव के कारण वह बेहोश हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया।

फोरेंसिक जांच और बरामदगी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से हमले में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और खून से सनी ईंट बरामद की गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

गांव में स्थिति को देखते हुए एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसियों से पूछताछ में पारिवारिक तनाव और संपत्ति विवाद की पुष्टि हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार पूरा परिवार धार्मिक प्रवृत्ति का था और एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी कर रहा था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment