सरगुजा सड़क हादसे में भाजपा नेता की मौत, दो अन्य घायल; साथी ने अस्पताल में तोड़ा दम

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

सरगुजा: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में भीषण सड़क दुर्घटना में भाजपा किसान मोर्चा बतौली मंडल अध्यक्ष कमला प्रसाद उर्फ संजय यादव की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल उनके साथी राजू सिंह ने भी जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद बतौली और ग्राम पोकसरी में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 8:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर शांतिपारा पुलिया के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि पोकसरी निवासी 32 वर्षीय कमला प्रसाद उर्फ संजय यादव (पिता मोतिया यादव) की मौके पर ही मौत हो गई।

उनके साथ बाइक पर सवार 32 वर्षीय राजू सिंह (पिता ईश्वर सिंह) गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका बायां पैर टूट गया था। दूसरी बाइक पर सवार बतौली कालीपुर निवासी 35 वर्षीय प्रमोद कुजूर (पिता बरतू कुजूर) भी गंभीर रूप से घायल हुए, जिनका पैर फ्रैक्चर हो गया।

घटना के बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टर के मौजूद न होने की बात सामने आई। प्राथमिक उपचार न मिलने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। आरोप है कि इलाज में देरी और लापरवाही के कारण राजू सिंह की रात करीब 12 बजे मौत हो गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment