हिंदी दिवस पर सुप्रीम कोर्ट की बड़ी पहल: अब आसान हिंदी में मिलेंगे अहम फैसलों के सारांश

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

नई दिल्ली। हिंदी दिवस के अवसर पर सुप्रीम कोर्ट ने देशवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है। शीर्ष अदालत जल्द ही हिंदी में नई पब्लिक इन्फॉर्मेशन सर्विस (जन-सूचना सेवा) शुरू करेगी। इसके तहत सुप्रीम कोर्ट के चुनिंदा महत्वपूर्ण फैसलों और आदेशों का सरल हिंदी में सारांश आम लोगों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

इस सेवा का उद्देश्य सुप्रीम कोर्ट के अहम निर्णयों और उनके प्रभाव को आम नागरिकों तथा मुकदमेबाजों तक आसान भाषा में पहुंचाना है। खासतौर पर उन लोगों को इससे मदद मिलेगी, जिन्हें लंबे और जटिल कानूनी दस्तावेज पढ़ने या समझने में कठिनाई होती है।

इसके अलावा, महत्वपूर्ण फैसलों को सरल तरीके से समझाने के लिए प्रतिदिन 15 से 30 मिनट के ऑडियो और वीडियो बुलेटिन भी जारी किए जाएंगे। इन बुलेटिनों में फैसलों के मुख्य बिंदु, उनके प्रभाव और उनसे संबंधित आगे की कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी।

सुप्रीम कोर्ट की ओर से जारी प्रेस बयान के अनुसार, आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद यह हिंदी सेवा जल्द शुरू की जाएगी। प्रत्येक हिंदी सारांश के साथ संबंधित आधिकारिक फैसला या आदेश का लिंक भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि इच्छुक व्यक्ति मूल दस्तावेज भी देख सकें।

शीर्ष अदालत ने कहा कि यह पहल न्याय तक पहुंच को अधिक सरल और समावेशी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे दिव्यांगजनों सहित उन नागरिकों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है, जिन्हें पारंपरिक कानूनी दस्तावेजों तक पहुंचने या उन्हें समझने में कठिनाई होती है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment