जिले में निकली संविदा भर्तियों की बड़ी सौगात, कई पदों पर मौका

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

जगदलपुर: जिले में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक अहम खबर सामने आई है। महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित मिशन वात्सल्य योजना के सुचारू संचालन के लिए जिले की शासकीय बाल देखरेख संस्थाओं में विभिन्न रिक्त पदों पर संविदा भर्ती की जाएगी। इस संबंध में विभाग द्वारा आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया गया है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 20 जनवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार यह भर्ती पूरी तरह संविदा आधार पर होगी। इसमें परामर्शदाता, स्टोर कीपर सह लेखापाल, पैरामेडिकल स्टाफ, पीटी इंस्ट्रक्टर सह योग प्रशिक्षक, कला एवं क्राफ्ट सह संगीत शिक्षक तथा सहायक सह रात्रि चौकीदार जैसे पद शामिल हैं।

7,944 से 23,170 रुपये तक मिलेगा मासिक मानदेय

सबसे अधिक वेतन परामर्शदाता (काउंसलर) के पद के लिए निर्धारित किया गया है। इस पद के दो रिक्त स्थानों पर चयनित अभ्यर्थियों को 23,170 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा।
स्टोर कीपर सह लेखापाल के एक पद पर 18,536 रुपये, पैरामेडिकल स्टाफ के तीन पदों पर 11,916 रुपये मासिक वेतन तय किया गया है।

बच्चों के शारीरिक एवं रचनात्मक विकास को ध्यान में रखते हुए पीटी इंस्ट्रक्टर सह योग प्रशिक्षक के 4 पद और कला एवं क्राफ्ट सह संगीत शिक्षक के 2 पद रखे गए हैं, जिन पर 10,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के लिए सहायक सह रात्रि चौकीदार के एक पद पर 7,944 रुपये मासिक भुगतान किया जाएगा।

मेरिट के आधार पर होगा चयन

भर्ती प्रक्रिया में कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। उम्मीदवारों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा, जिसमें

  • शैक्षणिक योग्यता को 70 प्रतिशत,

  • अनुभव को अधिकतम 10 अंक,

  • साक्षात्कार या कौशल परीक्षा को 20 अंक दिए जाएंगे।

आयु सीमा और निवास शर्त

आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की आयु 1 जनवरी 2026 की स्थिति में 21 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को शासन नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी। साथ ही अभ्यर्थी का छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवासी होना अनिवार्य है।

केवल स्पीड पोस्ट या पंजीकृत डाक से ही आवेदन

विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन पत्र सीधे कार्यालय में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन केवल पंजीकृत डाक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, जगदलपुर के पते पर भेजे जा सकते हैं। विलंब से या अपूर्ण आवेदन स्वतः निरस्त कर दिए जाएंगे।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment