14 नवंबर के बाद कभी भी जारी हो सकती है सूची, 41 में से 33 जिलों में होंगे नए चेहरे
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में लंबे समय से लंबित जिलाध्यक्षों की नई सूची अब जल्द जारी होने जा रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कल यानी 14 नवंबर के बाद कभी भी यह सूची सामने आ सकती है। पहले कहा जा रहा था कि लिस्ट बिहार चुनाव के बाद जारी होगी, लेकिन अब कांग्रेस हाईकमान ने संकेत दिए हैं कि पंजाब और उत्तराखंड की तरह छत्तीसगढ़ के नाम भी अगले चार दिनों में फाइनल कर दिए जाएंगे।
सूत्रों के अनुसार, इस बार संगठन में बड़ा फेरबदल देखने को मिलेगा। प्रदेश के कुल 41 जिलाध्यक्षों (ग्रामीण और शहर मिलाकर) में से केवल 5 पदाधिकारियों को दोबारा मौका मिल सकता है। ये वे लोग हैं जिनकी नियुक्ति लगभग छह महीने पहले की गई थी। वहीं, कई जिलों के कमजोर प्रदर्शन के कारण 33 जिलों में नए चेहरों को मौका दिए जाने की संभावना है।
पार्टी इस बार ‘परफॉर्मेंस बेस्ड सिस्टम’ लागू कर रही है, जिसके तहत प्रत्येक जिलाध्यक्ष के कार्य की हर छह महीने में समीक्षा की जाएगी। जानकारी के अनुसार, दुर्ग, पाटन, सरगुजा, अंबिकापुर और बलरामपुर के जिलाध्यक्षों को दोबारा पद पर बनाए रखा जा सकता है।
कांग्रेस के इस कदम को आगामी लोकसभा चुनावों की रणनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत और सक्रिय बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
Author: Deepak Mittal









