निर्मल अग्रवाल ब्यूरो प्रमुख मुंगेली 8959931111
मुंगेली- कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए वय वंदना आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु आज विशेष महाअभियान चलाया गया। इस दौरान जिलेभर में एक ही दिन में 02 हजार 600 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
इस महाअभियान का उद्देश्य है कि जिले के प्रत्येक पात्र वरिष्ठ नागरिक को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 05 लाख रुपये तक की निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। कलेक्टर ने कहा कि वय वंदना कार्ड धारकों को देशभर के चिन्हांकित अस्पतालों में निःशुल्क उपचार की सुविधा मिलेगी। उन्होंने इस अभियान को जन-स्वास्थ्य के लिए एक बड़ी पहल बताया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 16 हजार 374 वरिष्ठ नागरिकों के कार्ड बनाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसके विरुद्ध आज के अभियान में बड़ी संख्या में कार्ड बनाए गए। उन्होंने बताया कि जिन वरिष्ठ नागरिकों के कार्ड किसी कारणवश नहीं बन पाए हैं, उनके दस्तावेजों की पूर्ति के बाद सभी स्वास्थ्य केंद्रों में यह कार्य लगातार जारी रहेगा।

जिला कार्यक्रम प्रबंधक गिरीश कुर्रे ने बताया कि कई बुजुर्ग स्वास्थ्य कारणों या अन्य वजहों से शिविर स्थलों तक आने में असमर्थ थे। ऐसे में घर-घर जाकर वय वंदना कार्ड बनाए गए। इस हेतु प्रत्येक कर्मचारी को न्यूनतम 20 कार्ड बनाने का लक्ष्य सौंपा गया था। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के प्रशिक्षित कर्मियों, रोजगार सहायकों, वीएलई, शिक्षकों, मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं, तथा पंचायत सचिवों की विशेष ड्यूटी लगाई गई थी। यह महाअभियान वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में जिला प्रशासन की एक प्रभावी और सराहनीय पहल है।

