दंतेवाड़ा: जिले के भांसी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा 15 दिसंबर की रात का बताया जा रहा है। घायल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है, जिसे बेहतर इलाज के लिए विशाखापट्टनम रेफर किया गया है। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने बचेली–दंतेवाड़ा मुख्य सड़क पर चक्का जाम कर दिया। करीब 5 से 6 घंटे तक सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा। बाद में पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद रात करीब साढ़े 11 से 12 बजे के बीच जाम हटाया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक बचेली से दंतेवाड़ा की ओर जा रहा था, जबकि गमावड़ा गांव निवासी दीपक भास्कर (22) बाइक से दंतेवाड़ा से बचेली की ओर आ रहा था। इसी दौरान गमावड़ा गांव के पास अचानक सड़क पर आई एक गाय को बचाने के प्रयास में ट्रक चालक ने नियंत्रण खो दिया और बाइक सवार युवक को चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रक के टायर के नीचे आ गई और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन भीड़ बढ़ती देख ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल दंतेवाड़ा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए विशाखापट्टनम रेफर किया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8155727
Total views : 8176222