पंजाब में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में तरन तारन जिले से एक ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। अमृतसर–बठिंडा नेशनल हाईवे-54 पर शनिवार शाम एक 23 वर्षीय युवती की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई।
ऑटो का इंतजार कर रही थी, तभी चली गोली
मृतका की पहचान नवदीप कौर (23), पिता मंगल सिंह, निवासी गांव बनवालीपुर के रूप में हुई है। नवदीप कौर हाल ही में तरन तारन शहर के एक सैलून में काम करने लगी थी। शनिवार शाम करीब 5:30 बजे, वह सैलून से काम खत्म कर रसूलपुर अड्डे पर ऑटो का इंतजार कर रही थी।
इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। बिना किसी कहासुनी के एक आरोपी ने अचानक नवदीप कौर के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ी, जबकि दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल पहुंचते ही मौत
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी। नवदीप कौर को गंभीर हालत में तरन तारन के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में गुस्सा और डर का माहौल है।
पहले से मिल रही थी धमकी?
मृतका के पिता मंगल सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि गांव का ही युवक अर्जुन सिंह और उसका एक साथी उनकी बेटी को पहले भी परेशान करता था। उन्होंने दावा किया कि उन्हीं लोगों ने मिलकर इस हत्या को अंजाम दिया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही थाना सदर तरन तारन पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
डीएसपी डिटेक्टिव जगजीत सिंह और डीएसपी गोइंदवाल अतुल सोनी ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे।
पंजाब में खुलेआम गोलीबारी की यह घटना एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8186291
Total views : 8219814